- लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती,
- कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
- नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है,
- चढ़ती दीवारों पर, सौ बार फिसलती है।
- मन का विश्वास रगों में साहस भरता है,
- चढ़कर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है।
- आख़िर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती,
- कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
- डुबकियां सिंधु में गोताखोर लगाता है,
- जा जा कर खाली हाथ लौटकर आता है।
- मिलते नहीं सहज ही मोती गहरे पानी में,
- बढ़ता दुगना उत्साह इसी हैरानी में।
- मुट्ठी उसकी खाली हर बार नहीं होती,
- कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
- असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो,
- क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो।
- जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम,
- संघर्ष का मैदान छोड़ कर मत भागो तुम।
- कुछ किये बिना ही जय जय कार नहीं होती,
- कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।